द फॉलोअप डेस्क:
झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती के लिए 12 अप्रैल को लिखित परीक्षा होगी. 8 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गये हैं. झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग ने बताया कि रांची, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, खूंटी, बोकारो, धनबाद, देवघर और दुमका में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. आयोग ने बताया कि 9 अप्रैल से ही परीक्षा का एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराई गई है.
त्रुटियों को सुधार लिया गया है
जेएसएससी ने बताया कि एडमिट कार्ड में आंशिक गड़बड़ी की वजह से परीक्षा केंद्र के पते के साथ अभ्यर्थी के स्थानीय निवास का जिला भी अंकित हो गया था. अब उसमें सुधार किया गया है. इसकी जानकारी अभ्यर्थियों को ईमेल के माध्यम से दी गई है.
परीक्षा केद्र या शहर नहीं बदला
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के क्षेत्रीय-जनजातीय भाषा, परीक्षा के शहर या केंद्र में कोई बदलाव नहीं किया गया है. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सारे सुधारों के बाद एडमिट कार्ड आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है और डाक अथवा किसी भी अन्य माध्यम से अभ्यर्थियों को यह सीधे उनके पते पर नहीं भेजा जाएगा. यदि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में परेशानी होती है तो ईमेल या दूरभाष पर संपर्क करना होगा.